चतरा ब्लॉक के पटना गांव में आयोजित कार्यक्रम में करमा नृत्य करते आदिवासी कलाकार।
- फोटो : SONBHADRA
रामगढ़। चतरा ब्लॉक के पटना गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में मंगलवार को करमा महोत्सव का आयोजन किया गया। कलाकारों ने आदिवासियों की पारंपरिक करमा नृत्य की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उधर, 30 आदिवासी बच्चियों में सिलाई मशीन वितरित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रहे पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष जनजाति सुरक्षा मंच के गणेश राम भगत व विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री समाज कल्याण संजय गोड़ ने भारत माता और बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। जसपुर छत्तीसगढ़, सोढ़ा भीखपुर और डगमगपुर से आए कलाकारों ने आदिवासियों के पारंपरिक नृत्य करमा की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि ने कहा कि आदिवासी समाज जंगल और पहाड़ों के बीच पुरानी परम्पराओं को संजोने का काम कर रहा है। कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्र की 30 आदिवासी बालिकाओं में सिलाई मशीन, प्रेस, कैंची और टेबुल वितरित किया गया। महोत्सव में पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग, बेसिक शिक्षा और बाल विकास सहित अन्य विभागों की तरफ से लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया। अध्यक्षता रामवचन धांगर ने किया। इस मौके पर सदर विधायक भूपेश चौबे, मणिराम पाल, बीरबल धांगर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, अमरेश चेरो, प्रवीण सिंह, राजबहादुर सिंह, आलोक चतुर्वेदी, मोहन कुशवाहा, हिरेश द्रिवेदी आदि मौजूद रहे। संचालन नंदलाल विश्वकर्मा ने किया।