सोनभद्र। सूर्योपासना के महापर्व सूर्य छष्ठी डाला छठ की तैयारी जोरों पर चल रही है। घाट स्थलों पर साफ-सफाई के साथ ही प्रकाश आदि की व्यवस्था की जा रही है। महिलाओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर भी तैयारी की गई है। छठ घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात किये जाएंगे, जबकि विभिन्न स्वयं सेवी संगठनों ने वालंटियर्स तैनात करने का निर्णय लिया है।
नहाए-खाए के साथ रविवार से छठ पर्व शुरू होगा। सूर्य की उपासना का पर्व छठ 11 नवंबर से शुरू हो रहा है। रविवार को नहाये खाये के साथ छठ शुरू होगा। राबर्ट्सगंज में छठ घाटों पर साफ-सफाई का कार्य लगभग पूरा हो गया है। राबर्ट्सगंज में राम सरोवर पोखरा, अकड़हवा पोखरा और मेहुड़ी नहर पर छठ घाटों पर वेदी बनाकर लोगों ने पूजा के लिए शनिवार से ही अपने लिए जगह छेक लिया है।
खलियारी: पर्व के महात्म्य को देखते हुए घाटो की साफ-सफाई अभियान चलाया गया। खलियारी में हनुमान तालाब पर श्रद्धालुयों की भारी संख्या में भीड़ के मद्देनजर ग्राम प्रधान व संगठनों ने संयुक्त रूप से घाट की सफाई कराया। इसके अलावा पड़री तालाब, सुअरसोत, गुरवट नदी, पनिकप खुर्द, शिवजी तालाब, बलियारी तालाब की सफाई की गयीं।
बाजारों में छठ पूजा की सारी सामग्री फल-फूल से लेकर सूप दौरी दुकानों पर सज गयी है। चुर्क: सहिजन खुर्द गांव में स्थित छठ घाट पर पंचायत राज विभाग के एडीओ पंचायत राम शिरोमणि पाल और डीपीसी किरन सिंह ने सफाई अभियान चलाया। यहां तमाम लोग मौजूद रहे। विंढमगंज: आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर अभी से ही पूरा वातावरण भक्ति में हो गया है।
विभिन्न जगहों पर बज रहे छठ गीत से पूरा माहौल भक्तिमय है। सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व रविवार को नहाए खाए से के साथ शुरू होगा। सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष रमेश चंद कुशवाहा ने बताया कि सीमावर्ती प्रदेश झारखंड, बिहार व छत्तीसगढ़ से भी काफी संख्या में छठ व्रती महिलाएं आती हैं। जिले के तमाम क्षेत्रों में छठ की तैयारी जोरों पर है।