नगर पालिका परिषद (रॉबर्ट्सगंज) सोनभद्र के रहवासियों को जन्म प्रमाणपत्र बनवाना हो या फिर मृत्यु प्रमाणपत्र इसके लिए नगर पालिका कार्यालय में 21 दिन के अंदर आवेदन करना होगा।
नगर पालिका कर्मचारी विमलेश के पास जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का प्रभार है। अगर किसी बच्चे की उम्र एक वर्ष से अधिक है तो जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पूरी प्रक्रिया अपनानी होगी। इसके बाद ही प्रमाणपत्र बन सकेगा।
अधिशासी अधिकारी के मुताबिक 21 दिन के अंदर कार्यालय में प्रमाण के साथ सूचना देनी होती है। 30 दिन से एक साल तक पांच रुपये विलंब शुल्क के साथ 10 रुपये के स्टांप पेपर पर सीएमओ से प्रमाणित कराकर प्रार्थना पत्र देने पर नगर पालिका प्रशासन की तरफ से प्रमाण पत्र जारी किया जाता है।
एक साल से अधिक उम्र के बच्चों का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए माता-पिता का आधार, दो गवाह के साथ स्टाम्प पेपर पर कार्यालय में आवेदन करना होता है। आवेदन एसडीएम के पास भेजा जाता है।
जहां से राजस्व कर्मियों के माध्यम से जांच करके रिपोर्ट लगाई जाती है। रिपोर्ट पुन: नगर पालिका कार्यालय में पहुंचता है। इसके बाद प्रमाण पत्र जारी होता है। इसमें 15 से 20 दिन का समय लग सकता है। नगरवासी जलकर या गृहकर जमा करने के लिए नगर पालिका के कर्मचारी संंत सोनी से संपर्क कर सकते हैं।
नगर क्षेत्र में किसी बच्चे का जन्म होने पर तथा किसी व्यक्ति की मृत्यु होने की सूचना कार्यालय में 21 दिन में देनी होती है। एक साल से अधिक उम्र के लोगों का प्रमाणपत्र बनवाने के लंबी प्रक्रिया अपनानी होती है। इसलिए नगरवासी सूचना नगर पालिका कार्यालय में 21 दिन में दे दिया करें।
-विजय कुमार यादव, ईओ, नगर पालिका परिषद सोनभद्र।