रॉबर्ट्सगंज तहसील में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनता की फरियाद सुनते डीएम बीएन
सोनभद्र। शासन की तरफ से जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए तहसील स्तर पर संपूर्ण समाधान दिवस और थाना स्तर पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। मगर आकांक्षी जनपद सोनभद्र में जन सुनवाई के नाम पर सिर्फ कोरम पूरा किया जा रहा है। स्थिति यह है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। तीन बार संपूर्ण समाधान दिवस, दो बार थाना दिवस में प्रार्थना पत्र देने के बाद भी एक व्यक्ति की जमीन से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं हो सका। कोई फरियादी चार माह से तो कोई तीन माह से विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। एक बार फिर पीड़ितों ने प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
रॉबर्ट्सगंज तहसील सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील क्षेत्र के ममुआ गांव निवासी वीरेंद्र नाथ शुक्ल ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी जमीन पर एक व्यक्ति कब्जा कर रहा है। इसको लेकर वह तीन बार संपूर्ण समाधान दिवस और दो बार थाना समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दे चुका है। पूर्व में एसडीएम सदर ने संबंधित राजस्व निरीक्षक व थाना प्रभारी को समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके अधीनस्थ अधिकारी टाल मटोल कर रहे हैं। एक बार फिर सोमवार को प्रार्थना पत्र देकर पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। इस पर डीएम बीएन सिंह ने राजस्व निरीक्षक और थाना प्रभारी को मामले का निस्तारण कराने के लिए निर्देशित किया है।
रॉबर्ट्सगंज के वार्ड 10 घुवास मोहाल निवासी सर्वेश कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर राशन कार्ड छह माह से जारी नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। बताया कि राशन कार्ड नहीं बनने से वह अनाज का उठान नहीं कर पा रहे हैं। इससे पहले भी वह संबंधित अधिकारियों से मामले की शिकायत कर हैं, मगर राशन कार्ड नहीं बन सका है। वहीं, रॉबर्ट्सगंज के वार्ड नंबर पांच विकास नगर निवासी चौधरी यशवंत सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देते हुए पत्रावली की नकल नहीं मिलने की शिकायत की। बताया कि वह चार माह पूर्व प्रार्थना पत्र देने के बाद भी तहसीलदार न्यायिक की अदालत से पत्रावली की नकल नहीं मिली।
संपूर्ण समाधान दिवस में आए 191 मामले, सिर्फ 20 का निस्तारण
सोनभद्र/दुद्धी। जिले के सभी तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 191 मामले आए। इसमें 20 मामले ही निस्तारित हुए। शेष मामलों के निस्तारण के लिए टीम गठित की गई।
डीएम बीएन सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा की मौजूदगी में सदर तहसील में सुनवाई हुई। यहां कुल 74 शिकायतें आईं, जिसमें 12 मामले निस्तारित हुए। इससे पहले डीएम ने आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, वृद्धा व विधवा पेंशन के लिए लगाए गए कैम्प का निरीक्षण किया। कैंप में छह लाभार्थियों का दिव्यांग प्रमाण-पत्र, पांच विधवा पेंशन के लाभार्थियों के फार्म पर ई-केवाईसी कराया गया। ओबरा तहसील में सीडीओ जागृति अवस्थी और एसडीएम विवेक कुमार ने कुल 26 शिकायतों में चार निस्तारित किए। घोरावल तहसील में एडीएम वित्त वागीश कुमार शुक्ल और एसडीएम आशीष कुमार त्रिपाठी के समक्ष 70 शिकायतें आई। तीन मामले निस्तारित हुए। दुद्धी में एसडीएम निखिल यादव की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। 21 शिकायतों में एक मामले का निस्तारण हुआ। शेष 20 मामले समय से निस्तारित करने के लिए संबंधितों को निर्देशित किए।