सोनभद्र। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा नौ और 11 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों कक्षाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए इच्छुक और पात्र विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। विद्यालय के प्राचार्य अंशुमान सिंह ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति की ओर से आयोजित प्रवेश चयन परीक्षा के माध्यम से कक्षा नौ और 11 में रिक्त सीटों पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। दोनों कक्षाओं के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों को स्मार्ट कक्षाओं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं और पुस्तकालय के साथ कौशल विकास व समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसर भी उपलब्ध कराए जाते हैं।