अपना दल (एस) की विधानसभा स्तरीय मासिक बैठक एक निजी होटल में शनिवार को हुई। इसमें संगठन की मजबूती पर चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव ने कहा कि दुद्धी विधानसभा में संगठन को लेकर अब कोई ढील, कोई लापरवाही और कोई औपचारिकता नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) गरीबों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों एवं किसानों की सशक्त आवाज है।
यही वर्ग आने वाले चुनावों में सत्ता की दिशा तय करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर बूथ को युद्धस्तर पर मजबूत किया जाए। आगामी जिला पंचायत चुनाव में पार्टी सभी सीटों पर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। जिला महासचिव मुकेश तरंग पटेल को दुद्धी विधानसभा का सह-प्रभारी नियुक्त किए जिला नेतृत्व का आभार जताया गया। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोंड ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसका कार्यकर्ता होता है। दुद्धी विधानसभा में जिस प्रकार का उत्साह, अनुशासन और सक्रियता दिखाई दे रही है, वह यह स्पष्ट संकेत है कि अपना दल (एस) जमीनी स्तर पर सबसे संगठित राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। बैठक में पंचायत मंच जिलाध्यक्ष राम सुरेश कुशवाहा ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान एवं जिला पंचायत चुनाव पर विचार रखे।