म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नेम सिंह
- फोटो : SONBHADRA
म्योरपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नेम सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गैरहाजिर रहे फार्मासिस्ट पर कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही सीएचसी की व्यवस्थाओं को देखा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सबसे पहले हाजिरी रजिस्टर देखा, जिसमें फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला। अधीक्षक डॉ राजीव रंजन ने बताया कि फार्मासिस्ट प्रेमचंद काफी लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। सीएमओ ने कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने वार्डों में सफाई व्यवस्था, कोविड-19 लिए बने एल वन चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। कहा कि कोविड-19 की तीसरी लहर को देखते हुए चिकित्सालय को पूरी तरह से व्यवस्थित किया गया है, जिससे किसी भी दशा में गंभीर बीमारी से निपटा जा सके। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण का भी जायजा लिया। टीकाकरण के दौरान उन्होंने निर्धारित स्थल कोटेदारों की दुकानों पर पूरी क्षमता के साथ करने को कहा। सीएमओ के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। इस दौरान डॉक्टर शिशिर श्रीवास्तव, डॉ डीके चतुर्वेदी, उमाशंकर पांडे, वीरेंद्र कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।