अनपरा में आयोजित खेल प्रतियोगिता में विजेता टीम को पुरस्कार देते मुख्य अतिथि। स्रोत संस्थान
अनपरा। तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित सीआईएसएफ ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय 52वीं परियोजना/डिस्कॉम खेल प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। अनपरा तापीय परियोजना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वॉलीबाल और कबड्डी दोनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल किया। अनपरा परियोजना क्रीड़ा समिति की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में अनपरा, ओबरा और हरदुआगंज तापीय परियोजनाओं के साथ डिस्कॉम के मेरठ, लखनऊ और वाराणसी की टीमों ने प्रतिभाग किया। कबड्डी प्रतियोगिता में अनपरा की टीम ने पवन कुमार विश्वकर्मा और बृज बिहारी यादव के नेतृत्व में पहला स्थान हासिल किया। पश्चिमांचल मेरठ की टीम दूसरे और ओबरा परियोजना की टीम तीसरे स्थान पर रही। पूर्वांचल वाराणसी की टीम को भी रजत पदक मिलने का उल्लेख आयोजकों की ओर से किया गया है। समापन समारोह में मुख्य अतिथि इं. अजय कटियार ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक स्फूर्ति बढ़ाने के साथ टीम भावना तथा कार्मिकों के बीच आपसी सौहार्द मजबूत करते हैं। वॉलीबाल प्रतियोगिता में प्रवीण सैनी, शशि रंजन सिंह और निशांत झा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं, कबड्डी में दशाराम यादव और प्रेमचंद निर्णायक रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि परियोजना चिकित्सालय के सीएमओ डॉ. एएन बरनवाल, अधीक्षण अभियंता मुख्यालय इं. चंद्रमा प्रसाद, अधीक्षण अभियंता जानपद इं. महेंद्र सिंह तथा लखनऊ से पर्यवेक्षक के रूप में क्रीड़ा अधिकारी विनय कुमार और सुनील कुमार मौजूद रहे।