उरमौरा स्थित डायट परिसर में खो खो चैंपियनशिप बालक/बालिका में खेलती प्रतिभागी छात्राएं। संवाद
सोनभद्र। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के खेल परिसर में जिला खो-खो संघ की ओर से एक दिवसीय जिला स्तरीय बालक एवं बालिका खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले की 26 टीमों ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में 16 और बालिका वर्ग में 10 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. धनंजय, राकेश त्रिपाठी और राजेंद्र प्रसाद जैन ने किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बालक वर्ग में एपी एकेडमी ने प्रथम और रिहंद नगर की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, बालिका वर्ग में पीपी एकेडमी विजेता बनी, जबकि आदित्य बिड़ला स्कूल रेणुसागर की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष आरपी जैन ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को हर क्षेत्र में निखारने के लिए शिक्षकों को प्रयास करना चाहिए। यही प्रतिभागी आगे चलकर जिले और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने और आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर व इंजीनियर बनकर जिले का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में चंद्र प्रकाश, नित्यानंद पाठक, मंगला सिंह, शिवेश सिंह, जागिर सिंह, गौरव सिंह, वारीय द्विवेदी, अंशा त्रिपाठी और विकास दुबे ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता जिला खो-खो संघ के सचिव राकेश त्रिपाठी की देखरेख में संपन्न हुई।