प्रचार अनपरा जिला पंचायत क्षेत्र के प्रत्याशियों ने किया लेकिन जब वोट देने की बारी आई तो पता चला कि जो वोटर बूथ पर पहुंच रहे हैं, वह अनपरा के लिए नहीं बल्कि कुलडोमरी जिला पंचायत क्षेत्र के लिए वोट डाल रहे हैं। यह अजीबोगरीब स्थिति लालटावर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बने वार्ड दो के बूथ पर सामने आई तो हर कोई अवाक रह गया।
अनपरा के वार्ड दो वाले बूथ पर सुबह साढ़े दस बजे के करीब चार प्रत्याशियों का चुनाव निशान बैलेट पेपर से गायब होने की बात सामने आने पर सच्चाई पता चली तो वोटर ही नहीं प्रत्याशी भी सन्न रह गए। उम्मीदवार कविता यादव के पति पप्पू, माधुरी सिंह यादव के पति रामकिशुन, सुखवंत कौर के पति अजीत सिंह कंग एवं उनके समर्थकों ने पहुंचकर एतराज जताया। कुछ देर के लिए हंगामे की भी स्थिति बनी।
प्रशासनिक अमले ने लोगों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रत्याशियों का कहना था कि उन्हें जो वोटर लिस्ट दी गई थी, उसमें अनपरा के वार्ड दो को अनपरा जिला पंचायत क्षेत्र में शामिल दिखाया गया था, लेकिन जो वोटिंग की बारी आई तो पता चला कि वार्ड दो का भी वोट कुलडोमरी जिला पंचायत क्षेत्र में पड़ना है। बता दें कि अनपरा गांव के वार्ड एक को भी इस साल कुलडोमरी जिला पंचायत क्षेत्र में शामिल कर दिया गया है। उधर, सेक्टर मजिस्ट्रेट दिनेश पांडेय का कहना था कि किसी प्रत्याशी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। अगर शिकायत मिलती है तो जिला निर्वाचन अधिकारी को इसकी रिपोर्ट कर दी जाएगी।