अनपरा में आयोजित श्री श्याम जन्मोत्सव में शामिल श्रद्धालु और सजी श्याम दरबार की झांकी।
रेणुसागर। श्री श्याम भक्त मंडल अनपरा की ओर से शुक्रवार को अनपरा बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री श्याम जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। महोत्सव का शुभारंभ अखंड ज्योति पाठ से हुआ। इसके बाद कानपुर से आए भजन गायक तरंग मुकेश और उनकी टीम ने श्याम मंगल पाठ और संकीर्तन की प्रस्तुति दी। कानपुर के कलाकार श्री कान्हा ने भी सुमधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। बाबा श्याम का अलौकिक शृंगार और मनमोहक छवि आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह दिखा। इस अवसर पर बाबा श्याम को छप्पन भोग और चूरमे का भोग अर्पित किया गया। अन्नपूर्णा रसोई के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भोजन की व्यवस्था की गई। भक्तों ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। समापन पर मंडल पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग देने वालों और शामिल हुए श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।