सोनभद्र। जिले में बुखार से हो रही मौतों का सिलसिला जारी है। रविवार को भी बुखार से ग्रसित महिला की मौत का मामला सामने आया है। इससे पहले शुक्रवार को एक महिला ने दम तोड़ दिया था।पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार से सटे करवनिया गांव निवासी राजो देवी (60) पत्नी भोला बिंद को शुक्रवार की शाम बुखार आ गया। तबीयत बिगड़ने पर शनिवार को परिजन उसे रामगढ़ बाजार स्थित एक चिकित्सक के पास ले गए। वहां उसे बोतल लगाकर भर्ती कर लिया गया। रविवार को स्थिति बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। परिजन दोपहर में जब राजों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां चिकित्सकाें ने बताया कि उसकी काफी पहले ही मौत हो चुकी है। मौत की सूचना पर परिजन अस्पताल में रोते-बिलखते रहे।
उधर, सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव निवासी बुखार से पीड़ित महिला की उपचार के दौरान हुई मौत मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग की कमेटी करेगी। बिछिया (बाजूतारा) गांव निवासी मालती (25) पत्नी रविंद्रनाथ को बृहस्पतिवार की शाम हल्का बुखार था। पति के साथ वह शुक्रवार की दोपहर सोमनाथ मंदिर के करीब स्थित एक क्लीनिक में पहुंची। वहां उपचार शुरू होने के एक घंटे बाद ही इंजेक्शन लगाते ही माैत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को चिकित्सक के विरुद्ध तहरीर दी थी। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया था। मामले की जांच के लिए सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने अस्पताल पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ. जीएस यादव और सह नोडल डॉ. राम कुंवर के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की है। सीएमओ ने बताया कि जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।