ओबरा। स्थानीय थाना के बिल्ली मारकुण्डी खनन क्षेत्र में चोरी के आरोप में एक व्यक्ति की पीटे जाने से हुई मौत के मामले में मंगलवार को पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कस्बा चौकी इंचार्ज कृष्ण अवतार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल नामजद आरोपी प्रवीण सिंह निवासी राम मंदिर कालोनी ओबरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अभी अन्य कई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दविश दी जा रही है। इसके पूर्व सोमवार को चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। बता दें कि पांच दिनों पूर्व बिल्ली जंक्शन रेलवे स्टेशन के समीप एक क्रशर प्लांट पर चोरी के आरोप में पकड़कर टीपर चालक जीतू चौधरी की बेरहमी से पिटाई की गई थी जिससे उसकी मौत हो गई थी। ओबरा पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर क्रशर व्यवसायी प्रवीण सिंह सहित कई अन्य घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आईपीसी 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।