जिले में बेसिक शिक्षा के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों की 20 मार्च से वार्षिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। विभाग पेपर की छपाई कराने के साथ ही अन्य जरूरी तैयारियों में जुट गया है।
जिले के 2061 परिषदीय स्कूलों में करीब 2 लाख 70 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। 20 से 24 मार्च के बीच इन बच्चों की वार्षिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए परिषद की ओर से कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कक्षा एक की परीक्षाएं मौखिक होगी, जबकि दो से पांचवीं कक्षा तक की परीक्षाएं मौखिक और लिखित दोनों तरह की होंगी। वहीं छह से आठवीं तक की परीक्षाएं लिखित होगी। दो पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में पहली पॉली सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक और द्वितीय पॉली की परीक्षाएं दोपहर साढ़े 12 बजे से ढाई बजे तक होंगी। शिक्षकों को सभी कक्षाओं का परिणाम 31 मार्च को घोषित करना होगा। विभाग ने सभी कक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार कर उसकी छपाई के लिए मु्द्रण दे दिया गया है। जिसे 15 मार्च तक पूरा करना होगा। जिनका वितरण बीईओ के माध्यम से 18 मार्च तक करना हो। परीक्षाएं 20 से शुरू होकर 24 मार्च को खत्म होंगी। वहीं 26 मार्च से तीस मार्च तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकरण करने के बाद परीक्षाफल तैयार किया जाएगा। वहीं 31 मार्च को परीक्षाफल घोषित करने के साथ ही रिजल्ट कार्ड का वितरित किए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिवंश कुमार ने बताया कि सभी जरूरी तैयारियों को समय-रहते पूरा कर लिया जाएगा।