डोडहर पुनर्वास-2 में ट्रांसफाॅर्मर खराब होने के कारण पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। घरों में अंधेरा पसरा है। ग्रामीण पानी के लिए भटक रहे हैं। सूचना देने के बाद भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदले जाने से नाराज लोगों का सब्र रविवार को टूट गया। बड़ी संख्या में लोगों ने डोडहर गेट पर रास्ता जाम कर दिया। जमकर नारेबाजी की।
एनटीपीसी रिहंद के अनुरक्षण विभाग के माध्यम से पुनर्वास इलाके में बिजली आपूर्ति की जाती है। गांव में लगा ट्रांसफाॅर्मर पांच दिन बाद भी न बदले जाने से लोग भड़क गए। रविवार की सुबह गांव की महिलाओं-बच्चों ने डोडहर गेट पर पहुंचकर जाम लगा दिया। जिम्मेदारों के खिलाफ नारे लगाने लगे। उनका कहना था कि पुनर्वास क्षेत्र के लोगों की समस्याओं से एनटीपीसी रिहंद के जिम्मेदार बेपरवाह हैं। सूचना देने के बाद भी अब तक ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया है। बरसात के समय लोग अंधेरे में रह रहे हैं। विषैले जीवों का खतरा बना हुआ है। पानी के लिए लोग भटकने को विवश हैं। जाम की सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने एनटीपीसी प्रबंधन से वार्ता कर दो दिनों में बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।