टेंपो चालकों ने राबर्ट्सगंज कोतवाली पर किया प्रदर्शन, नारेबाजी
पुलिस की नाक के नीचे टेंपो चालकों से डंडा मार नंबर टेकर वसूली कर रहे हैं। आए दिन चालकों को उत्पीड़ित किया जा रहा। इससे नाराज टेंपो चालक बुधवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंपकर पुलिस के नंबर टेकरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।राबर्ट्सगंज से मधुपुर, केकराही, शाहगंज, रामगढ़, खलियारी, चुर्क, चोपन में जगह जगह नंबर टेकर आटो चालकों से अवैध वसूली करते हैं।
पूर्व में भी कई बार टेंपो चालक शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को एक बार फिर दोपहर बाद करीब एक बजे दर्जनों की संख्या में टेंपो चालक राबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंच गए। यहां चालकों ने प्रदर्शन किया नंबर टेकरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान चालक कोतवाली के अंदर जा रहे थे, तभी वहां तैनात सिपाहियों ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया और उनका ज्ञापन खुद ले लिया।
कोतवाली में पत्र देने वाले जुनैद अंसारी, बबलू, पंकज, अनिल कुमार, छोटेलाल का कहना था कि उन्हें अक्सर उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता है। जुनैद ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि वह मंगलवार की शाम करीब चार बजे अपनी टेंपो लेकर नंबर में धर्मशाला चौक पर खड़ा था।
उसे रिजर्व भाड़ा मिला तो गाड़ी लेकर जाने लगा। इस दौरान नंबर टेकर ने चालक की पिटाई शुरू कर दी और धमकी दी। इसी तरह बढ़ौली चौराहे पर नंबर टेकर डंडा मारकर बीच में आटो चालकों से रुपये लेते हैं इससे जाम भी लगने की नौबत आ जाती है। उसने कार्रवाई की मांग की है।
कहा गया िक किसी को अवैध वसूली नहीं करने दिया जाएगा। यदि ऐसा होता है तो आगे आंदोलन तेज किया जाएगा।प्रदर्शन करने वालों में आशीष पटेल, राजेश मौर्य, दीपक कुमार, दिलीप केशरी, भोले, रमेश मौर्य, सोनू, कमला सिंह, महेश, सुनील, विजय यादव मौजूद रहे।