सोनभद्र। जिले में 62 वर्ष से अधिक उम्र वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा। इसके लिए शासन का आदेश जारी हो चुका है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करने का निर्देश मातहतों को दिया है। सभी ब्लॉकों से इसकी सूची तलब किया है। इसे लेकर तैयारी चल रही है। बता दें कि जिले में करीब 2079 आंगनबाड़ी केंद्र हैं जिसमें करीब 2700 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका कार्यरत हैं। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रति माह साढ़े पांच हजार रुपये और सहायिकाओं को प्रति माह करीब 2750 रुपये मानदेय मिलता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों में पोषाहार वितरण, टीकाकरण, स्कूल में प्रवेश से पूर्व की शिक्षा, बच्चों का वजन आदि का कार्य लिया जाता है। संदर्भ सेवा में कमजोर बच्चों को पोषण पुर्नवास केंद्र के लिए रिफर कराकर उन्हें भर्ती कराने की जिम्मेदारी भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ही होती है। अनुपुरूक पोषाहार का वितरण कराने की जिम्मेदारी भी होती है। समय-समय पर विभाग से दिये गए अन्य सरकारी कार्य भी उनसे कराए जाते हैं। अब इनमें से 62 साल की उम्र पार करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओें और सहायिकाओं को सेवानिवृत्ति दे दी जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि जिले में करीब तीन सौ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका ऐसी हैं जिनकी उम्र 62 वर्ष पार कर चुकी है। ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार कराई जा रही है। जल्द ही लिस्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन की गाइड लाइन आने के बाद नए सिरे से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की नियुक्ति की जाएगी।