बर्रे ने दादी-पोती के शरीर के कई हिस्सों में डंक मारा। चीखती-चिल्लाती गांव की ओर भागी। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उन्होंने किसी तरह दोनों को बर्रे के झुंड से बचाया। गंभीर हाल में दादी-पोती को दुद्धी सीएचसी पहुंचाया गया, जहां मासूम को मृत घोषित कर दिया गया।
सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बिडर गांव में बुधवार की शाम बर्रे (ततैया) के झुंड के हमले से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हमले में उसकी दादी गंभीर रूप से जख्मी हुईं। उसे दुद्धी सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दादी-पोती जंगल में बकरी चराने गई थीं। बर्रे ने मासूम को 20 से अधिक स्थानों पर डंक मारा था।
विज्ञापन
बिडर गांव निवासी धनेश्वरी देवी (55) बुधवार की शाम अपनी पोती शिवानी (6) को लेकर पास के जंगल में बकरी चराने गई थीं। देर शाम दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बर्रे के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। एक साथ 20-25 की संख्या में आए बर्रे ने दादी-पोती के शरीर के कई हिस्सों में डंक मारा। चीखती-चिल्लाती गांव की ओर भागी। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उन्होंने किसी तरह दोनों को बर्रे के झुंड से बचाया। गंभीर हाल में दादी-पोती को दुद्धी सीएचसी पहुंचाया गया, जहां मासूम को मृत घोषित कर दिया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने गंभीर हालत को देखते हुए धनेश्वरी देवी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मासूम बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। दुद्धी कोतवाल मनोज कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।