म्योरपुर क्षेत्र में बाल्टी में डूबने से मृत- दिव्या ( फाइल फोटो)स्रोत परिजन
म्योरपुर। थाना क्षेत्र में बुधवार को मासूम समेत दो लोग डूब गए। डडिहरा गांव में दो साल की बच्ची की खेलते समय पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। वहीं, किरकिल में बंधी में नहाने गया युवक डूब गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
डडिहरा गांव निवासी अनुज यादव की दो बेटियां हैं। छोटी बेटी दिव्या (2) मां वंदना देवी के पास खेल रही थी। मां बर्तन धोकर घर में रखने गई। इसी दौरान वह पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। मां घर में बर्तन रखकर आई तो बेटी को बाल्टी में देख सन्न रह गई। आनन फानन बच्ची को बाल्टी से निकालकर म्योरपुर सीएचसी लाया गया, जहां अधीक्षक डॉ.पीएन सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना किरबिल गांव की है।
बुधवार की दोपहर काजू (21) गांव के कुछ अन्य लड़कों के साथ बंधी में नहाने गया था। गहरे पानी में जाने से वह बंधी में डूब गया। उसके साथ नहा रहे अन्य युवकों ने शोरगुल मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। देर शाम तक उसे खोजने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष कमलनयन दुबे ने भी युवक की खोज कराई, लेकिन वह अभी तक नहीं मिल सका था।