फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: नाले में बह गया था आठवीं का छात्र, अब छात्रा ने डीएम से मांगी सड़क-पुलिया

विज्ञापन
चोपन ब्लॉक के ग्राम पंचायत पड़रछ के गुलरिहवा टोला में सडक पुलिया की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ल
विज्ञापन
हाथीनाला। साहब! हमारे गांव में सड़क और पुलिया बनवा दीजिए, ताकि हम बच्चे बिना किसी डर के स्कूल आ-जा सकें। आठवीं की छात्रा खुशी कुमारी की यह गुहार गुलरिहवा के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या को बयां करती है। चोपन ब्लॉक की ग्राम पंचायत पड़रछ के इस टोले में रहने वाले 30-32 परिवार आज भी सड़क और पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। करीब तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग बदहाल है और रास्ते में पड़ने वाले नाले पर पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर युवा नेता दीपू शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नाले में उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अपनी परेशानी बताई। आठवीं की छात्रा खुशी कुमारी ने जिलाधिकारी से गांव में सड़क और पुलिया बनवाने की अपील की, ताकि बच्चों को स्कूल आने-जाने में जोखिम न उठाना पड़े। आठवीं के छात्र विनय कुमार ने बताया कि पिछले बरसात के दौरान स्कूल से घर लौटते समय वह नाले के तेज बहाव में बह गया था। गनीमत रही कि साथियों ने उसे बचा लिया। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बरसात में नाले का जलस्तर बढ़ने पर बच्चों के लिए स्कूल पहुंचना और घर लौटना जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि किसी के बीमार पड़ने या आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। नाले में पानी बढ़ने पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और मजदूरों को भी रोजमर्रा के कामों के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से गुलरिहवा में करीब तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग का निर्माण कराने और नाले पर पुलिया बनवाने की मांग की। प्रदर्शन में गांव के पुरुषों, महिलाओं और स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें