घोरावल। स्थानीय क्षेत्र पंचायत की शुक्रवार की हुई बैठक हंगामेदार रही। इस दौरान कुछ सदस्य कोरम के मसले पर आपत्ति जताते हुए हंगामा करने लगे।
वहीं, विकास कार्यों से जुड़े 27 करोड़ के प्रस्ताव पास किए गए। तय किया गया कि पहले निर्माणाधीन परियोजनाएं पूरी कराई जाएंगी। इसके बाद नए विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे।
ब्लॉक प्रमुख दीपक सिंह की अध्यक्षता में बैठक पिछली कार्रवाई की पुष्टि के साथ शुरू हुई। इसके बाद नए विकास कार्यों के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इस दौरान सदस्यों की तरफ से कुल दो करोड़ की लागत वाले प्रस्ताव प्राप्त कराए गए। निर्माणाधीन कार्यों को पूरा करने और नए कार्यों में जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को वरीयता देने का प्रस्ताव पास किया गया।
इस दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी की तरफ से बात रखी गई। सीडीपीओ विमलेश सिंह कुशवाहा ने आंगनबाड़ी केंद्रों में धात्री महिलाओं और बच्चों की स्थिति से जुड़ी जानकारी दी।
इस दौरान बैठक प्रारंभ होने के थोड़ी देर बाद ही कुछ सदस्यों ने कोरम का सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। खंड विकास अधिकारी नितिन कुमार ने सदस्यों की गणना कराई और कोरम पर्याप्त होने की जानकारी दी।
इसके बाद हंगामा कर रहे लोग शांत हो गए। मनरेगा, प्राथमिक शिक्षा, लघु सिंचाई, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न मसलों पर कार्यों को लेकर देर तक विचार-विमर्श किया गया। कार्य गुणवत्तापूर्ण और ससमय हों इसके लिए संबंधितों को जरूरी हिदायतें दी गईं। एडीओ पंचायत रामचरण कुशवाहा, आनंद पटेल, गोविंद सिंह, छोटेलाल, ज्ञानेश कुमार, रविंद्र कुमार दुबे, अछैबर कुशवाहा, गुलाब भारती आदि मौजूद रहे।