सोनभद्र। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद भूमि विकास बैंक के दो अमीनों के कार्यप्रणाली मेें सुधार नहीं हुआ। बिना काम किए पगार ले रहे हैं। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अमीनों के कार्य में रूचि नहीं लेने की रिपोर्ट तैयार कर डीएम को भेजेंगे। अमीनों के विरूद्घ कड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। राबर्ट्सगंज और दुद्घी में भूमि विकास बैंक है। इन बैंकों से 13 अमीन जुड़े है। इनमें दो वैतनिक व 11 कमीशन पर कार्य कर रहे हैं। जिला प्रशासन की तरफ से लगातार अमीनों को बकाया वसूली करने के लिए दबाव दिया जा रहा है। लेकिन भूमि विकास बैंक से जुड़े दो अमीन कार्य में चि नहीं ले रहे हैं। जबकि कई बार लिखित और मौखिक द्वय अमीनों को शासन के मंशानुसार कार्य करने के लिए नोटिस जारी किया गया, लेकिन उनके द्वारा कार्य मेें सुधार नहीं लाया गया। जांच करने पर अमीनों द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने की पुष्टि हुई। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता टीएन सिंह ने कहा कि कार्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले दो अमीनों के खिलाफ डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है। और कुछ कर्मियों के खिलाफ काम न करने की शिकायत मिली है। जांच में शिकायत की पुष्टि होने पर संबंधितों के खिलाफ उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।