जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के लिए दूसरे व अंतिम दिन मंगलवार को नामांकन करने के लिए उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ पड़ी। आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए जिपं के कई प्रत्याशी काफिले के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे।
हालांकि राजमार्ग से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर तैनात फोर्स ने वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया। यहां वाहन रोकने को लेकर कुछ नेताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई।
इसके बावजूद पुलिस वाहनों को नहीं जाने दिया। प्रस्तावकों के साथ पैदल प्रत्याशी नामांकन करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। आवागमन बहाल कराने में पुलिस के पसीने छूट गए।
निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों के लिए डेढ़ लाख और क्षेत्र पंचायत के प्रत्याशियों के खर्च की सीमा 75 हजार रुपये निर्धारित किया है।
लेकिन मंगलवार को आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए सैकड़ों लग्जरी वाहनों से जिला पंचायत के तमाम प्रत्याशी नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। साढ़े बारह बजे हिंदुआरी क्षेत्र के प्रत्याशी/सपा नेता राजेश पटेल सैकड़ों चार और दो पहिया वाहनों के काफिला के साथ नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे।
राजमार्ग से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर तैनात शहर कोतवाल केडी यादव और चोपन थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया। नामांकन के दौरान चेखुर पांडेय, मनीष पांडेय, रामलाल यादव, ताड़क यादव, अमरजीत यादव, विनोद पटेल आदि मौजूद रहे।
वहीं हिंदुआरी क्षेत्र से निर्दल प्रत्याशी विनोद मौर्या ने भी भारी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर बसपा नेता निर्मल सिंह, विजय जैन, पप्पू सिंह आदि मौजूद रहे।
इसी क्षेत्र से रणजीत सिंह ने भी पर्चा दाखिल किया। उधर सलखन क्षेत्र से पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा की पत्नी मालती देवी सैकड़ों समर्थकों के साथ नामांकन पत्र जमा किया। राजपुर से बीना सिंह, अमित चौबे, सुजीत पांडेय, रमेश पटेल, मधुपुर से सपा नेता सुरेश यादव, डा. लोकपति सिंह, चुर्क से प्रेम प्रसाद, योगराज, जितेंद्र बाल्मिकी आदि पर्चा दाखिल किया।