अनपरा। उत्पादन निगम की 2630 मेगावाट की अनपरा तापीय परियोजना में कार्यरत कुछ सविदाकारों ने कई फर्में बनवाकर एक ही प्रोपराइटर व पार्टनरशिप पर चार-चार आवास परियोजना से आवंटित करा लिया है। इसकी शिकायत मिलने पर परियोजना कर्मियों में खलबली मची हुई है।
अनपरा तापीय परियोजना के सविदाकारों को आवास आवंटित किया जाता है। जिसका रेंट परियोजना की तरफ से बहुत ही कम रखा गया है। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ सविदाकारों एक ही नाम से कई फर्में बनवाकर आवास आवंटित करा लिया है। कई ऐसे सविदाकार हैं जो अब परियोजना में काम नहीं करते हैं, उनके नाम से भी परियोजना में आवास आवं टेत है और वह चार से पांच हजार रुपये प्रतिमाह एक आवास में किराया उठा रहे हैं। ताजा मामला तब प्रकाश में आया जब काशी मोड़ पर एक संविदाकार द्वारा परियोजना के दो आवासों की साफ-सफाई कराई जा रही थी। इसकी भनक लगते ही अन्य संविदाकार जो परियोजना के आवास के लाभ से वंचित हैं उनमें रोष फैल गया। उन्हीं में से किसी ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। इस संबंध में परियोजना के सीजीएम एच पी सिंह का कहना है कि इस तरह की शिकायत की जानकारी मिली है। शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच में शिकायत सही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।