रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने कपड़ा दुकानदार विजय सोनी पर स्कूटी दिलाने का प्रलोभन देकर यौन शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले उसकी रामगढ़ कस्बे में सिलाई और कॉस्मेटिक की दुकान थी, जिसके पास ही आरोपी की कपड़े की दुकान थी। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई। महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 में दिवाली के समय स्कूटी दिलाने के लिए आरोपी ने उससे सादे चेक पर हस्ताक्षर करा लिए थे और रामगढ़ की एक दुकान से किस्त पर स्कूटी दिलाई थी। फरवरी 2026 में स्कूटी की किस्तें जमा करने के बाद जब महिला ने आरोपी से हस्ताक्षर किया हुआ चेक वापस मांगा तो वह टालमटोल करने लगा। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी हुई। इसके बाद महिला करीब दो माह पहले अपनी दुकान छोड़कर घर चली गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि स्कूटी दिलाने का प्रलोभन देकर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और जान से मारने की धमकी दी। पन्नूगंज थाना प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण और बयान के लिए भेजा गया है। पुलिस आरोपी विजय सोनी की तलाश कर रही है।