अनपरा। एनसीएल की सभी परियोजनाओं में कोल इंडिया आईटीआई इंप्लाइज एसोसिएशन की ओर से लाभांश का एक प्रतिशत पारितोषिक के रूप में देने की मांग को लेकर तीन दिवसीय विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार से शुरू हो गया।
एसोसिएशन के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी प्रकाश पटेल ने बताया कि सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में प्रथम पाली से ही संगठन के पदाधिकारी व कार्यकताओं ने बस स्टॉप पर ही झंडा बैनर लेकर व काला बिल्ला लगाकर नारेबाजी की। टाइम ऑफिस कार्यस्थल पर भी नारेबाजी की गई। उन्होंने प्रबंधन से एक प्रतिशत लाभांश पारितोषिक के रूप में देने की मांग की। संघ के पदाधिकारी अजय शंकर, आर टी राय, बी के पटेल, जितेंद्र कुमार, अरविन्द शाह, जितेंद्र कुमार आदि कर्मचारियो का हौसला आफजाई करते रहे। क्षेत्रीय महामंत्री बीके पटेल ने कहा कि एक प्रतिशत लाभांश का हिस्सा जो कि लगभग 34500 रुपये प्रति व्यक्ति बनता है, उसके लिए आंदोलन शुरू किया गया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी कर्मचारी काला फीता बांधे रहे। तकनीकी कर्मचारियों के साथ गैर तकनीकी कर्मचारी ऑपरेटर, मजदूर, क्लर्क, माइनिंग स्टाफ मौजूद रहे।