जिले की सीमा से सटे नौगढ़ के जंगल में तेंदुआ दिखने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। सीमावर्ती इलाके में वनकर्मियों को गश्त बढ़ाने और रहवासियों को आवागमन में सावधानी बरतने को कहा गया है। माना जा रहा है कि अगर नौगढ़ क्षेत्र में घेरेबंदी हुई तो तेंदुआ भटककर इस क्षेत्र में भी आ सकता है। चकिया से नौगढ़ मार्ग पर कोइलरवा हनुमान जी मंदिर के प्रवेश मार्ग की ओर बुधवार को तेंदुआ देखा गया था। इसका वीडियो सामने आने के बाद चंद्रप्रभा वन्य जीव प्रभाग के अफसरों के अलावा चंदौली जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को उस ओर जाने में सावधानी बरतने की हिदायत दी है। उधर, पड़ोसी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के बाद जिले में भी वन विभाग अलर्ट हो गया है। राबर्ट्सगंज के डीएफओ संजीव कुमार ने बताया कि चंद्रप्रभा का जंगल यहां से दूर है, फिर भी सावधानी बरती जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में वनकर्मियों को गश्त बढ़ाने को कहा गया है, ताकि तेंदुआ इस क्षेत्र में न घुसे।