नगर के अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित बुद्ध पार्क में चल रहे सर्कल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को खेला गया। देर शाम हुए मुकाबले में एजे-11 की टीम ने नाइट्स को 4 विकेट से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट्स की टीम ने 12 ओवर में 4 विकेट खोकर 72 रन बनाए। इसमें दिनेश पनिका उर्फ़ सोनू ने 48 रनों की पारी खेली। असुरजीत ने दो विकेट पाए।
जवाब में खेलने उतरी एजे-11 की टीम ने 10.3 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर मैच जीत लिया। फाइनल मैच में आकाश सचदेव ने तीन विकेट लिए। श्रेष्ठ गेंदबाज आकाश सचदेव, श्रेष्ठ बल्लेबाज मो. आजम और प्लयेर ऑफ़ द टूर्नामेंट नाइट्स टीम के दिनेश पनिका उर्फ़ सोनू रहे।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि अनपरा तापीय परियोजना के महाप्रबंधक प्रशासन निखिल चतुर्वेदी ने कहा कि खेल हमारे जीवन के लिए आवश्यक है। विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी मुख्य अतिथि ने दी।
प्रतियोगिता के सभी मैचों के मैन ऑफ़ द मैच रहे खिलाडियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चंद्र प्रकाश, महेंद्र सिंह, संजय सिंह, विजय कुमार दिनकर, पवन तिवारी आदि मौजूद रहे।