सोनभद्र। जिले को विशेष दर्जा देने समेत अन्य मांगों को लेकर बुधवार को राबर्ट्सगंज तहसील में देश बचाओ आंदोलन एवं पूर्वांचल राज्य जन मोर्चा ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। केंद्र और प्रदेश सरकार से जिले का समुचित विकास कराने की मांग की। एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांगपत्र सौंपा।
पूर्वांचल राज्य जन मोर्चा के प्रमुख पवन कुमार और जिलाध्यक्ष शिव कुमार चौबे ने कहा कि योगी सरकार जिले में विकास कार्य करवा कर पिछड़ेपन को दूर करने का कार्य करें। अनवर राईन और अनिल ओझा ने कहा कि तत्काल राबर्ट्सगंज में सिटी हास्पिटल शुरू किया जाए। देश बचाओ आंदोलन के संयोजक राजकुमार सोनी ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी जिले का समुचित विकास नहीं हो पाया है। नक्सल एवं दुरूह इलाकों में जरूरत के अनुसार अस्पताल और विद्यालय नहीं है। बिजली, पानी, सड़क, नाली की समुचित व्यवस्था न होने से जनता परेशान है। जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं है, फिर भी जिला पिछड़ा हुआ है। कहा कि मुख्यमंत्री जिले से मिलने वाले राजस्व का 50 प्रतिशत सोनभद्र में विकास कार्य कराने पर खर्च करें तो पिछड़ापन दूर हो जाएगा। इस दौरान ईश्वर जायसवाल, राजकुमार सिंह, वीरेंद्र सिंह, शराफत अली, अजय, सुरेश कुमार, तेज बहादुर, महेश साहनी, सुधीर दूबे, सुशील चौबे, आशीष शर्मा, दिनेश सिंह, आतिश कुमार आदि रहे।