राबर्ट्सगंज नगर पालिका के वार्ड तीन में सड़क व नाली की मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन करते वार्डवासी।
राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर तीन अंबेडकर नगर के लोगों ने बुधवार को सड़क मरम्मत की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। शीघ्र सड़क की मरम्मत न कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदीप तिवारी, संतोष पासवान ने कहा कि हल्की बारिश में ही जल-भराव होने की वजह से राह चलना मुश्किल है। अगर तेज बारिश होगी तब तो परेशानी और बढ़ जाएगी। सपन तिवारी, अजय ने कहा कि सड़क की मरम्मत नहीं कराए जाने की वजह से नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे-छोटे बच्चों को आने-जाने में हो रही है।
कमलेश, फूलनाथ तिवारी ने कहा कि पाइप बिछाए जाने की वजह से मनमाने ढंग से खुदाई कर छोड़ दिए जाने से सड़क खराब हो गई है। इससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। करन कुमार, विरेंद्र चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में पक्की सड़क का हाल कच्ची सड़क से भी बदतर हो गया है। कहा कि अगर शीघ्र सड़क की मरम्मत नहीं कराई जाएगी तो रहवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
यही हाल वार्ड नंबर छह का भी है। रहवासियों में सड़क पर हल्की बारिश के दौरान हुए जल-भराव से आक्रोश है। विरोध-प्रदर्शन करने वालों में अशोक कुमार, राम सनेही, हरि गोविंद, रीतेश, पप्पू सोनी, अर्जुन, कुसुम, सीमा आदि शामिल रही।