राबर्ट्सगंज में बिजली विभाग के एक्सईएन से बिजली समस्या पर बातचीत करते युकां कार्यकर्ता। अमर उजाला
जिले में हो रही बिजली कटौती और जन प्रतिनिधियों की चुप्पी से क्षुब्ध युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राबर्ट्सगंज में अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। जिम्मेदारों के खिलाफ नारेबाजी की और सभा कर विरोध जताया। चेताया कि कटौती बंद नहीं होती तो संगठन के कार्यकर्ता कार्यालय पर धरना देंगे।
युवक कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष आशुतोष कुमार दुबे की अगुवाई में कार्यालय पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां हुई सभा में दूबे ने कहा कि पूरे देश को रोशनी देने वाला जिला बिजली कटौती का शिकार है। अधिकारियों की मनमानी के आगे जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं। जनता उमस भरी गर्मी में रात-रात भर बिजली कटौती का दंश झेल रही है।
मुख्यमंत्री के कहने के बावजूद 20 घंटे बिजली नहीं मिल रही। दुबे ने कहा कि कम से कम रात में कटौती बंद की जाए ताकि हो रही चोरियों पर लगाम लग सके। लोकसभा सचिव सूरज वर्मा ने कहा कि विद्युत कटौती ज्यदा होने से लोगों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और कोई घटना भी घट सकती है। इसलिए रात में कम से कम कटौती होनी चाहिए। नगर अध्यक्ष फैजान खां ने कहा कि मुख्यालय पर ही अधिकारी रहते हैं तब भी कटौती हो रही है, तो फिर गांवों की क्या स्थिति होगी। इस मौके पर नगर महासचिव अरुण सोनी, राकेश कुमार, प्रिंस सोनी, राजा, आतिफ अली, सालू, सद्दाम, आकाश, अभय कुमार, राहुल, नन्हे, दीपू, नीरज सिंह, धीरज मौजूद रहे।