बभनी बड़होर मार्ग पर अवैध कब्जे के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
बभनी। थाना क्षेत्र के बडहोर-बभनी संपर्क मार्ग पर कब्जा करने के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने जमीन की पैमाइश कराने का निर्देश दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि बभनी-बडहोर संपर्क मार्ग के बीच सालों से कच्ची सड़क थी। इससे लोगों का आना जाना होता था। इसी सड़क पर बभनी के ही एक व्यक्ति द्वारा मकान का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति किया और निर्माण कार्य न करने की बात कहीं। लेकिन ग्रामीणों की बातों को नजर अंदाज करते हुए सरिया ,गिट्टी से मकान का कालम कर दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत क्षेत्रीय विधायक के साथ बभनी थाने में की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर दिए। सूचना पर सब इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल पहुंचे और समझा बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। श्यामसुंदर का कहना है कि एक विस्वा जमीन बैनामा कराया गया है। उसी जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कहा की जब तक जमीन की पैमाइश नहीं होती तब तक कोई भी निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रामकुमार खरवार, जमुना प्रजापति, शांति देवी, गंभीर सिंह, रामकिशुन, बाबूलाल, जदवीर खरवार, जीत सिंह, दलबीर सिंह, बीरबल, जीतबंधन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।