सोनभद्र। शक्ति की आराधना के महापर्व चैत्र नवरात्र के आठवें दिन मां महागौरी स्वरूप का भक्तों ने पूजन किया। देवी मंदिरों में बृहस्पतिवार की सुबह से भीड़ उमड़ी रही। बड़ी संख्या में व्रतियों ने मंदिर पहुंचकर शीश नवाकर दर्शन पूजन किए। नारियल, चुनरी के साथ नैवेद्य चढ़ाकर भक्तों ने मातारानी का सविधि पूजन किए। वहीं घरों में कन्याओं के चरण धोकर पूजन किया।
राॅबर्ट्सगंज नगर स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में भोर में मंगला आरती के बाद मंदिर का पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिया गया। भक्त मातारानी के लिए नारियल, चुनरी, नैवेद्य, फल-फूल की खरीदारी कर चढ़ाए और दर्शन पूजन किए।
मंदिर में भीड़ को देखते हुए मंदिर तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। भक्तों ने शीतला माता का दर्शन पूजन महागौरी स्वरूप में किए। साथ ही मंदिर परिसर में विराजमान अन्य देवी का भक्तों ने पूजन किया।
नीम के पेड़ में चुनरी बांधकर परिवार में मंगल की कामना की। मंदिर के पास सजीं दुकानों पर नारियल, चुनरी, माला, फूल, नैवेद्य, प्रसाद खरीदने वालों की भीड़ जुटी रहीं। भक्तों की भीड़ से मंदिर परिसर गुलजार रहा।
इसी तरह साईं चौक स्थित दुर्गा मंदिर में भक्तों की भीड़ रहीं। दंडईत बाबा मंदिर परिसर स्थित दक्षिणेश्वर काली मंदिर, पूरब मोहाल स्थित सातो मईया शीतला मंदिर में भक्तों ने दर्शन पूजन किए। रॉबर्ट्सगंज के आंबेडकर नगर स्थित कड़े माता शीतला धाम में बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन पूजन किया।
नगर के मेन मार्केट स्थित आदि शक्ति दुर्गा ट्रस्ट मंदिर में नवरात्र के पहले दिन से विशेष अनुष्ठान चल रहा है। बृहस्पतिवार को भी आचार्य शिवकुमार शास्त्री ने विधि विधान से मातारानी का पूजन कराए। इस मौके पर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन विजय कुमार जैन आदि उपस्थित रहे। चोपन ब्लॉक के कुड़ारी स्थित मां कुंडवासिनी देवी धाम में भक्तगण दर्शन पूजन के लिए पहुंचें। अमराभगवती धाम में बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन पूजन किया। शक्तिनगर में बृहस्पतिवार को शक्तिपीठ ज्वाला देवी के दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा रहा।
अष्टमी पर ज्वालामुखी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़: शक्तिनगर। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर प्रांगण में मां महागौरी स्वरूप के पूजन के लिए सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार से भी श्रद्धालु पहुंचे।
रॉबर्ट्सगंज शीतला माता मंदिर में अष्टमी पर पूजन अर्चन करते श्रद़धालु। संवाद
रॉबर्ट्सगंज शीतला माता मंदिर में अष्टमी पर पूजन अर्चन करते श्रद़धालु। संवाद