सोनभद्र/दुद्धी। गुड फ्राइडे की पूर्व संध्या पर राॅबर्ट्सगंज स्थित संत जेवियर्स चर्च में बृहस्पतिवार की शाम ‘लास्ट सपर’ की विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। सभा में प्रभु यीशु मसीह के बलिदान से पूर्व शिष्यों के साथ किए गए अंतिम भोज की स्मृति में प्रभु भोज विधि पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ संपन्न हुई।
फादर एलबर्ट लोबो ने बताया कि पवित्र बाइबल के मत्ती, मरकुस और लूका अध्यायों में वर्णित ‘लास्ट सपर’ वह क्षण था, जब यीशु मसीह ने फसह पर्व के अवसर पर अपने शिष्यों के साथ अंतिम भोजन किया था। इस दौरान उन्होंने रोटी को अपनी देह बताकर कहा इसे खाओ और दाखरस (अंगूर का रस) को अपने लहू की नई वाचा बताते हुए कहा इसे पियो। चर्च में आयोजित इस विशेष सभा में फादर एलबर्ट लोबो ने परंपरा के अनुसार 12 लोगों के पैर धोकर उन्हें भोज कराया। यह प्रभु यीशु की ओर से अपने शिष्यों के प्रति दिखाए गए प्रेम, सेवा और विनम्रता की झलक थी। इस अवसर पर फादर लाइन, फादर अल्बर्ट, सिस्टर किरण, सिस्टर अर्चना, सिस्टर लीवो जोश, सिस्टर ब्रांच, जय बाला, शैलेश मार्टिन, स्मिता मार्टिन, मनोज चार्ल्स, सुमित आदि मौजूद रहे।
दुद्धी: नगर स्थित चर्च परिसर में गुड फ्राइडे की पूर्व संध्या पर विशेष प्रार्थना सभा हुई। दुद्धी क्रिश्चियन चर्च, कृपाओं की माता चर्च में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या ईसाई समुदाय के लोग उपस्थित रहे। दुद्धी चर्च के फ़ादर मिथिलेश मसीह व कृपाओं की माता चर्च के फ़ादर टाइट्स लोबो ने बताया कि सूली पर चढ़ाए जाने से पहले प्रभु यीशु ने अपने शिष्यों के साथ अंतिम भोज किया था। इससे पहले प्रभु यीशु ने शिष्यों के पैर धोते हुए और पोछते हुए अपने शिष्यों से कहा था, कि जिस तरह मैंने प्रभु और गुरु होकर तुम्हारे पैर धोए हैं, उसी तरह तुम भी एक-दूसरे के पैर धोया करो। इसी को निभाते हुए चर्च परिसर में 12 शिष्यों व 12 भक्तजनों के पांव धोए गए। दुद्धी के चर्चों में प्रभु यीशु की ओर से सहे गए कष्टों से संबंधित ''''मुसीबत'''' नामक गीत भजन और प्रार्थना का भक्तिमय कार्यक्रम सम्पन्न हुई।