घोरावल (सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बैजनाथ ग्राम पंचायत के गांव कुंडा में एक सप्ताह पूर्व हुई किसान रामनरेश की हत्या के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया। हत्या के आरोप में बर कन्हरा गांव निवासी संजय प्रजापति (जीजा) और उसके बहनोई मध्यप्रदेश के सिंगरौली के गढ़वा थाना क्षेत्र के भुईधरवा गांव निवासी टीकम प्रजापति को गिरफ्तार किया।
दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि शराब के नशे में विवाद के बाद आरोपियों ने रामनरेश की हत्या कर दी और फिर शव को सरसों के खेत में फेंक दिया था।
आठ अप्रैल को कुंडा गांव के एक सरसों के खेत में बर कन्हरा गांव निवासी रामनरेश बैसवार (43) का शव मिला था। परिजनों के अनुसार सात अप्रैल को दोपहर बाद वह घर से निकल कर गांव में गया था, मगर देर रात तक नहीं लौटा। सीओ राहुल पांडेय, प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की।
एसओ बृजेश सिंह के मुताबिक जांच में पता चला कि बर संजय प्रजापति और टीकम प्रजापति ने रामनरेश बैसवार की हत्या की थी। यह हत्या शराब के नशे में हुई थी। तीनों ने साथ बैठकर शराब की। इसके बाद उनके बीच विवाद हो गया। इसी विवाद में जीजा-साले ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को खेत में फेंक दिया था। सोमवार को भोर में बर्दिया पोखरा के पास से दोनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। संवाद