ओबरा। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत भलुआ टोला बैरियर के समीप संचालित बैंक आफ इंडिया की शाखा से पैसा निकालकर घर जा रहे युवक को झांसा देकर उचक्कों ने 38 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गजराजनगर बिल्ली निवासी शिव शंकर चौधरी शुक्रवार की दोपहर में बैंक आफ इंडिया की ओबरा शाखा से सरकारी आवास बनाने के लिए खाते में आए धन में से 49 हजार रुपये निकाल कर लौट रहा था। बैंक गेट से बाहर एक युवक ने उन्हें रोक कर दो लाख रुपये कागज में बंडल बना थमा दिया। उनसे 38 हजार रुपये 500 की नोट के रूप में मांगने लगा। साथ ही उनके हाथ से पैसा लेकर गिनने लगा। इतने में उसके दूसरे साथी द्वारा कहा गया कि जल्दी चलो फोन आ रहा है। जब तक शिव शंकर कुछ समझ पाए इतने में दोनों युवक मौके से फरार हो गए। दोनों युवकों के जाने के बाद उचक्कों के दिए गए बंडल को शिव शंकर ने खोला तो उसमें कागज के रुपये की शक्ल में बंडल बने रखे हुए थे। आनन- फानन में उसने ठगी की सूचना ओबरा थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस उचक्कों की तलाश में जुट गई है।