पटवध पेयजल परियोजना का निरीक्षण करते विधायक भूपेश चौबे।स्रोत स्वयं
सोनभद्र। हर घर जल योजना की प्रगति जिले में बेहद सुस्त है। सबसे बड़ी पटवध पेयजल परियोजना से 65 महीने की मशक्कत के बाद भी अब तक सिर्फ 29 गांवाें में नियमित पानी पहुंच पा रहा है, जबकि इस योजना से 650 गांवों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। बेहद सुस्त गति पर शनिवार को सदर विधायक भूपेश चौबे ने नाराजगी जताई। परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक ने अफसरों को खड़ाकर उनसे सवाल जवाब किए। हिदायत दी कि इस साल तक हर हाल में काम पूरा करें, वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना की पटवध पेयजल परियोजना का शिलान्यास 22 नवंबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया था। योजना के तहत 650 गांवों में हर घर नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य है। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि अब तक महज 29 गांवों में ही पानी की आपूर्ति हो सकी है, इससे योजना की प्रगति पर सवाल उठने लगे हैं। विधायक ने अधिकारियों को एसी कमरों से बाहर निकलकर जमीनी हकीकत समझने की नसीहत दी। चेतावनी दी कि अगर दिसंबर 2026 तक सभी 650 गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई तो कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।