गाजियाबाद में कोर्ट परिसर के अंदर की घटना से जिले के अधिवक्ताओं में भी उबाल है। घटना के विरोध में बुधवार को सिविल और डिस्टि्रक्ट बार के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे।
घटना की निष्पक्ष न्यायिक जांच और लाठीचार्ज में शामिल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। अधिवक्ता संघ के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए घटना की निंदा की।
वक्ताओं ने कहा कि कोर्ट परिसर के अंदर अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना ने संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। इसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कहा कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होती, अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। डिस्टि्रक्ट बार ने पीड़ित अधिवक्ताओं को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की।
जुलूस-प्रदर्शन में सिविल बार एसोसिएशन की अध्यक्ष पूनम सिंह, डिस्टि्रक्ट बार के अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव, लालता पांडेय, दिलीप त्रिपाठी, संतोष सिंह, अनुज अवस्थी, मोहम्मद सलीम कुरैशी, पवन कुमार सिंह, बीपी सिंह, सुरेश सिंह कुशवाहा आदि शामिल रहे।