ओबरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में रविवार को 19वें सोनांचल कप क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं. आरपी सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच जिला प्रशासन एकादश और व्यवसायी एकादश के बीच खेला गया जिसमें जिला प्रशासन एकादश की टीम विजेता रही।
टॉस जीतकर जिला प्रशासन एकादश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाया। एसडीएम दुद्धी रमेश कुमार की कप्तानी में टीम की ओर से सर्वाधिक अरविंद यादव ने 53 और मनोज ने 33 रन बनाया। व्यवसायी एकादश के महेश और रमेश सिंह ने 1-1 विकेट चटकाए। जवाबी पारी खेलने उतरी व्यवसायी टीम के कप्तान रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम निर्धारित 16 ओवर में महज एक विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाकर एक रन से मैच हार गई। व्यवसायी टीम के विपिन ने सर्वाधिक 80 और पंकज ने 50 रन बनाए। वहीं विजेता व उपविजेता टीम को विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रानमति देवी, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ओपी सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल डॉ.राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक रोशन सिंह और सोनू राय एवं उद्घोषक संकट मोचन झा व राजू यादव रहे। समाजसेवी देव प्रकाश मौर्या, राहुल श्रीवास्तव, मिंटू राय, रमेश सिंह यादव, राजीव कुमार, अदालत वर्मा, उमाशंकर सिंह, पुनीत जैन, सत्येंद्र सिंह, क्रीड़ा अधिकारी दिनेश सिंह, भोला कनौजिया, रमेश वर्मा आदि मौजूद रहे।