म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के हवाई अड्डे के निर्माण कार्य में अवरोध पैदा करने के मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने बाउंड्री को क्षतिग्रस्त करने के मामले में कुछ लोगों को चिह्नित किया है जिनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
हवाई अड्डे के निर्माण कार्य की मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की थी। समीक्षा के बाद से ही प्रशासनिक अमला निर्माण को गति देने में लगा हुआ है। इसके बावजूद हवाई अड्डे की बाउंड्री तोड़कर गाय चराने की लिखित शिकायत पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। हवाई अड्डा कर्मियों की लिखित सूचना पर म्योरपुर पुलिस ने जांच कर कुछ लोगों को चिह्नित किया है। जिन्होंने बाउंड्री वाल तोड़कर अपने मवेशियों को हवाई अड्डे में चराने के लिए छोड़ा था। माना जा रहा है कि चिह्नित लोगों पर शांति भंग की धारा में कार्रवाई की जाएगी। उधर, हवाई पट्टी की टूटी हुई बाउंड्री को बुधवार को मरम्मत का दी गई। पुलिस की जांच के बाद बुधवार को बाउंड्री के पास कोई नहीं फटका। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि हवाई अड्डे के लोगों ने ा बाउंड्री क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत की थी। जांच के दौरान कुछ लोगों को चिह्नित किया गया है। कहा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।