बभनी (सोनभद्र)। स्थानीय थानाक्षेत्र के करकच्छी गांव में युवक को रस्सी से बांधकर पिटाई करने, सिर मुंडवाते हुए जूतों की माला पहनाकर अर्धनग्न हालत में घुमाने के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण में लापरवाही बरतने के मामले में आई प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर संबंधित हलके के दरोगा अखिलेश पाठक और बीट सिपाही मोहम्मद सलीम को निलंबित कर दिया गया है। विस्तृत जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन को निर्देशित किया गया है। करकच्छी गांव में गत बृहस्पतिवार को बाजार से लौट रहे युवक को रास्ते से खींचकर ले जाने, बंधक बनाकर पिटाई करने और सिर मुंडवाते हुए जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाने का मामले सामने आया था। पीड़ित परिवार का आरोप था कि घटना की जानकारी पुलिस को उसी दिन शाम चार बजे दे दी गई थी। लेकिन कार्रवाई तब की गई, जब अगले दिन शुक्रवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों की तरफ से निर्देश दिए गए। पुलिस इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य कौन-कौन लोग इस घटना में संलिप्त हैं? इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप था कि घटना की सूचना देने के बाद भी घंटों कार्रवाई में हीलाहवाली की जाती रही। रात में तीन घंटे तक बैठाए रखने के बाद जहां सुबह आने की बात कहकर भेज दिया गया, वहीं अगले दिन मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़ित को तहरीर देने के लिए बुलाने की बात कही जाती रही। प्रकरण में कार्रवाई तब हुई जब इस मामले में पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी स्तर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि अमर उजाला में इस मसले पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित हुई थी। पुलिस अधीक्षक की तरफ से भी इस मामले में क्षेत्राधिकारी दुद्धी से जांच रिपोर्ट तलब की गई थी। प्राथमिक स्तर पर लापरवाही का मामला सामने आने के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का निर्णय लिया गया।