ओबरा। इंटरमीडिएट कॉलेज ओबरा में टीसी फाॅर्म के नाम पर पैसा वसूली को लेकर छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने विद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विद्यार्थी परिषद के अभिषेक अग्रहरी ने आरोप लगाया कि फीस बढ़ने की वजह से जो छात्र छात्राएं ओबरा इंटर काॅलेज में पढ़ना नहीं चाहते हैं। ऐसे छात्र छात्राओं से नाम कटवाने पर विद्यालय से टीसी फाॅर्म का 50 रुपये लिया जा रहा है। यही फाॅर्म नगर के दुकानों पर 5 रुपया में मिल रहा है। बाहर से फार्म लाने पर फार्म जमा नहीं किया जा रहा है। बताया कि फीस कम होने के कारण ओबरा इंटरमीडिएट काॅलेज में रेणुकापार क्षेत्र के सैकड़ों गरीब आदिवासी छात्र-छात्रा प्रतिवर्ष शिक्षा प्राप्त कर लेते थे।निजीकरण के बाद विद्यालय की फीस में कई गुना बढ़ोत्तरी हुई है। इससे पैसे के अभाव में गरीब आदिवासी छात्र छात्राएं अन्यत्र जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से आशीष, अरमान, अंशु आदि मौजूद रहे।