रेणुकूट। शिवापार्क निवासी एक युवक ने अपने पिता की आत्महत्या के मामले में धोखाधड़ी और उत्पीड़न के जरिये आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
शिवापार्क निवासी ओमप्रकाश ने तहरीर में बताया कि उसके पिता बृजनंदन प्रसाद ने दुद्धी निवासी परवेज अहमद के माध्यम से 14 लाख रुपये का निवेश किया था। परवेज ने मूलधन सुरक्षित रखने और स्टॉक मार्केट से सात प्रतिशत प्रति माह का रिटर्न देने का वादा किया था। कुछ महीनों तक रिटर्न आने के बाद अचानक परवेज ने पैसे भेजना बंद कर दिया। बार-बार पैसे की मांग के बावजूद भुगतान में टालमटोल करता रहा। ओमप्रकाश का आरोप है कि इस वित्तीय धोखाधड़ी और मानसिक उत्पीड़न के चलते उसके पिता डिप्रेशन में चले गए और उन्होंने पिछले साल 23 नवंबर को आत्महत्या कर ली। पिता की मृत्यु के बाद ओम प्रकाश ने जब निवेश की जानकारी जुटाई तो उसे पूरे मामले का पता चला। कोर्ट के आदेश पर पिपरी पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।