रेलवे पुलिस ने चोरी की केबल के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चोरी का केबल खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
चोपन रेलवे पुलिस के इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह ने बताया कि बीते पांच जनवरी को कृष्णशिला रेलवे स्टेशन पर सिग्नल केबल बिछाया गया था। स्टेशन के समीप चोर झाड़ियों के बीच 12 कोर का 20 मीटर और 6 कोर का 15 मीटर कॉपर सिग्नल केबल काटकर जला रहे थे। तभी गश्त के दौरान चोपन रेलवे पुलिस एवं सिंगरौली आउटपोस्ट के जवानों ने घेरकर उन्हें दबोच लिया। उन्हें स्टेशन पर लाकर कड़ाई से पूछताछ किया तो चोरों ने अपना नाम दीपेश बारी, सोनू बहादुर, अर्जुन बहादुर और अर्जुन साहनी निवासी लाल टावर, अनपरा निवासी बताया। चारों ने बताया कि वे लोग केबल चोरी कर उसका तांबा निकालते थे और अनपरा बाजार के एक व्यापारी को बेचते थे। चोरों की निशानदेही पर रेलवे पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अनपरा बाजार के एक व्यापारी को चोरों की ओर से बेचे गए 4.5 किलोग्राम तांबा के साथ गिरफ्तार कर लिया। रेलवे पुलिस ने सभी को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।