बीजपुर। थाना क्षेत्र के बकरिहवा तिराहे पर संचालित बैंक आफ बड़ौदा के ग्राहक सेवाकेंद्र में ग्रामीणों के जमा लाखों रुपये का गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार की शाम सेवाकेंद्र के दो संचालको पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की।
इंजानी निवासी सुरेंद्र पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कौशर अब्बास निवासी ग्राम कुंडाडीह थाना म्योरपुर व शकुंतला देवी पत्नी जगनरायन निवासी लीलाडेवा थाना बीजपुर ने ग्राहक सेवाकेंद्र के अभिलेखों में हेराफेरी कर फर्जी हस्ताक्षर बना कर उनके व उनके परिवार सहित अन्य ग्रामीणों के खाते में जमा लाखों रुपये निकाल लिया। मामले की जब जानकारी हुई तो खाता धारकों के होश उड़ गए। लोगों ने बैंक की म्योरपुर शाखा के प्रबंधक सहित बीजपुर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के अनुसार कौशर अब्बास और शकुंतला देवी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।