रेणुकूट। पिपरी पुलिस ने नगर निवासी एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी के मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पिपरी निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि कुछ दिनों पूर्व वह तुर्रा चौराहे पर स्थित एक प्राइवेट एटीएम से पैसा निकालने गए। उस समय उन्होंने एटीएम बूथ से 2 हजार रुपये निकाले और घर चले गए। उसी दिन शाम को उनके मोबाइल पर पहली बार 98210 रुपये और दूसरी बार 1422 रुपये कटने का मैसेज आया तो वह सन्न रह गए। वह तत्काल भागकर एसबीआई की पिपरी शाखा पर पहुंचे तो वहां शाखा बंद हो चुकी थी। अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी की सूचना उन्होंने साइबर क्राइम हेल्प नंबर पर दी। घटना की जानकारी पाकर साइबर क्राइम ने इस संबंध में अपनी तफ्तीश शुरू कर दी। वहीं पिपरी पुलिस ने भी इस मामले में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।