सोनभद्र। घर से बीमार पत्नी को दवा लेने के लिए निकले किसान मदीर मौर्य (55) की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना शनिवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पकरी गांव के नहर के पास हुई। कार के धक्केे से घायल साइकिल सवार मदीर को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से डॉक्टर ने उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन वह रास्ते में दम तोड़ दिए। उधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक बीमार पत्नी देवंदती रह-रह कर अचेत हो जा रही थी। मौजूद लोग पानी का छींटा देकर होश में ला रहे थे।
शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के धुरिया गांव निवासी मदीर मौर्य अपनी बीमार पत्नी की दवा लेने के लिए साइकिल से राबर्ट्सगंज जाने के लिए निकले। अभी वह पकरी गांव में नहर के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पहुंचे थे कि पीछे से कार ने साइकिल में टक्कर मारते हुए निकल गई। आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल भेजने के साथ उनके घरवालों को सूचित किया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने घायल की हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर वाराणसी में डॉक्टर ने घायल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया।