सोनभद्र के एनसीएल की बीना खदान क्षेत्र में ओवर वर्डेन(ओबी) हटाने वाली संविदा कंपनी बीजीआर में बुधवार की सुबह हादसा हो गया। इसमें मैकेनिक की मौत हो गई। इससे नाराज कुछ श्रमिकों ने हो हल्ला करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की बात संविदा कम्पनी व एनसीएल प्रबंधन के बीच चल रही है।
बीना माइंस के अंदर पानी के टैंकर के नीचे मोगली ईश्वर राय(21) निवासी श्रीकाकुलम आंध्र प्रदेश लेटकर कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान टैंकर आगे बढ़ गया और दबने से उसकी मौत हो गई । श्रमिकों ने मुआवजे को लेकर धरना प्रदर्शन माइंस के अंदर ही शुरू कर दिया। बीना चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बीजीआर कंपनी एवं एनसीएल प्रबंधन के मध्य वार्ता कराई जा रही है। मुआवजे की बात हो रही है।