गर्मी के चलते जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। विभिन्न प्रकार की बीमारियों से ग्रसित होकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन व्यवस्था की खामियों से उन्हें दवा कराने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष का एसी खराब होने से जांच प्रभावित हुई। बार-बार मशीन गर्म होकर बंद होने से जांच के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
पूरे जिले में सिर्फ जिला अस्पताल में ही मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा है। इसके लिए मरीजों को कई दिन पहले से ही नंबर लगाना पड़ता है। जुगाड़ से चल रही इस व्यवस्था का लाभ पाने के लिए दूरदराज से मरीज पहुंचते हैं। बृहस्पतिवार को भी सुबह से ही मरीजों की भीड़ अल्ट्रासाउंड के लिए लगी रही।
जांच भी समय से शुरू हुई, लेकिन एसी में खराबी से मरीज और कर्मी हलकान हुए। एक-दो जांच होने के बाद ही मशीन गर्म होकर बंद हो जा रही थी। फिर ठंडा कर उसे कुछ देर बाद चालू करना पड़ रहा था। इससे सामान्य रूप से जो जांच दस मिनट में होती है, उसके लिए आधे घंटे का समय लग रहा था। मरीजों को इससे काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। बाद में मैकेनिक को बुलाकर खराबी ठीक कराई गई।