बीमार महिला की मदद के लिए उसका पालतू बकरा बेचने जा रहे युवक के साथ दुर्व्यवहार और पिटाई करने वाले सिपाही को एसपी ने निलंबित कर दिया है। शनिवार को रेणुसागर चौकी के पास युवक को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। इसका संज्ञान लेते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की।
मामले की जांच के भी निर्देश दिए हैं। डिबुलगंज निवासी समीदुल खान उर्फ अरबाज स्थानीय परियोजना में मजदूरी करता है। पास में ही रहने वाली उसकी रिश्तेदार सुल्तान खातून बीमार थी। उन्हें पैसे की जरूरत थी। अपना पालतू बकरा बेचने के लिए उन्होंने अपने बेटे समीर को अरबाज के साथ भेजा।
दोनों ने कई जगह बकरा बेचने की कोशिश की, लेकिन उचित मूल्य न मिल रहा था। इसी दौरान किसी ने पुलिस को फोन कर चोरी का बकरा बेचने की सूचना दी। रेणुसागर चौकी पर तैनात सिपाही समर बहादुर ने उसे रोक लिया। बकरा के बारे में पूछताछ करने लगे। इस दौरान सिपाही ने अरबाज को कई थप्पड़ भी जड़ दिए।
लात घूसे भी मारे। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। शनिवार को मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने इसे गंभीरता से लिया। जांच की तो युवक के पिटाई की बात सही निकली। एसपी के निर्देश पर सिपाही समर बहादुर को निलंबित कर दिया गया।